Tuesday, December 3, 2019

दरिया

सुना है जिंदगीं वहां फिर रफ्तार में है
एक हादसे के बाद दूसरे के इंतजार में है
आंखो से बहता रहे वही आंसू क्यों है
उस दरिया का भी कोई तो नाम हो
जो भीतर है ,जो दिल के ख़ार में है

जाना कहां है

जाना कहां है कहीं नहीं
मिलेंगे हम हर बार यहीं
जब हटेंगे अना के पर्दे
मैं भी सही, तुम भी सही
( अना - Ego)

सबसे घृणित

सबसे घृणित वही है
जो न्याय नहीं है पर
न्याय सा है

सबसे  डरावना वही है
जो जानवर नहीं है पर
जानवर सा है

सबसे बड़ा भय वही है
जो मृत्यु नहीं है पर
मृत्यु सा है

सबसे अंधा वही है
जो देखता है मगर
दृष्टि नहीं है

सबसे कठोर वही है
जो कोमल है पर
भाव नहीं है

सबसे पीछे वही है
जो दौड़ता है मगर
दौड़ में नहीं है

सबसे पीड़ित वही है
जिसे पीड़ा है मगर
कहता नहीं है

सबसे निर्बल वही है
सबसे लड़ता है मगर
खुद से लड़ता नहीं है।

Saturday, November 30, 2019

वोटर किसान


हल वाले हाथों के
पेट का सवाल था
शोर था बवाल था
भारी भीड़ थी
और भीड़ में...

कुछ सिर्फ किसान थे
कुछ किसान नेता थे
कुछ सिर्फ नेता थे

नेता मंच पर थे
किसान नेता उनके पीछे थे
और किसान
किसान सबसे नीचे थे

Saturday, November 9, 2019

गांव के दरख़्त

अब जब सीने में यहां
मैं ज़हर भरता हूँ
आहिस्ता हर रोज़ यहां
मैं कमबख्त मरता हूँ
अपने हाथों से
लगाये थे जिनको कभी
गांव में छूटे वो सारे
मैं दरख़्त याद करता हूँ.

सत्य का मौन

जो चीख़ रहा वो सत्य नहीं..
जो मौन यहां वह झूठ है.
फलदार वृक्ष विषयुक्त है..
अमृत शाखा यहां ठूंठ है.

Tuesday, September 24, 2019

कुछ मोम सा

कुछ है जो साथ चला आया है अबतक
वरना पत्थर सी कहानी में
कुछ मोम सा क्यूं रहता
रहता भी तो पिघलता नहीं
और न महसूस होता जबतब
काठ पर घिस घिस के अब
लकीरें सपाट हो चलीं
तुमको शौक था परखने का खुदा
चलो अब तो कह दो
किसी अंजाम पे पहोचोगे कबतक..
- रवि मिश्रा